उधमुपर। महंगाई को कम करने और सरकारी सुविधाओं की मांग को लेकर शनिवार को मजदूर दस्तकार यूनियन ने एमएच चौक इलाके में प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ रोष जताया है। आक्रोशित मजदूरों ने कहा कि मौजूदा समय में महंगाई इतनी अधिक बढ़ गई है कि दिहाड़ी से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा बेटियों की शादी के लिए सरकारी मदद नहीं मिलने पर रोष जताया है।
जानकारी के अनुसार दोपहर 12 बजे मजदूरों ने यूनियन के जिला प्रधान दर्शन कुमार के नेतृत्व में विश्वकर्मा मंदिर के बाहर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान दर्शन कुमार ने कहा कि बढ़ती महंगाई से गरीबों का जीना मुहाल हो गया है। दिहाड़ी से गुजारा करना मुश्किल हो रहा है। लेकिन सरकार की ओर से महंगाई को कम करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
श्रम विभाग की तरफ से मजदूरों को बेटी की शादी के लिए 25 हजार रुपये की मदद मिलती थी, लेकिन 2016 से बंद कर दिया गया है। इस कारण मजदूरों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। सरकार से कई बार सुविधा को शुरू करने की मांग को उठाया जा चुका है, लेकिन आश्वासनों के अलावा कुछ भी हासिल नहीं हुआ है। मजदूूरों को आज तक पेंशन सुविधा का लाभ नहीं मिला है। देश के कई राज्यों में 60 वर्ष से अधिक उम्र के मजदूरों को पेंशन दी जा रही है, लेकिन प्रदेश के मजदूर सुविधा से महरूम हैं। जम्मू-कश्मीर के मजदूरों को कम से कम तीन हजार रुपये पेंशन मिलनी चाहिए।