अपने कार्यालय में मौजूद उपमुख्यमंत्री
- फोटो : Amar Ujala
रियासी के वार्ड 12 में बनाए जाने वाले 132-33केवी रिवीविंग ग्रिड स्टेशन का निर्माण पूरा होने की उम्मीद जगी है। रियासत के उपमुख्यमंत्री डाक्टर निर्मल सिंह वीरवार की सुबह 11 बजे इसका उद्घाटन करेंगे। स्थानीय विधायक व वित्त राज्यमंत्री अजय नंदा ने बताया कि इस पर 30 करोड़ लागत आने का अनुमान है। नंदा के अनुसार लोगों की मांग के अनुसार ग्रिड को बनाने के लिए पहले चरण में तीन करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसका टेंडर होने के बाद अब इसका निर्माण दोबारा से शुरू होगा।
गौरतलब है कि वर्ष 1990-91 के दौरान क्षेत्र के लोगों को बिजली की सुचारु आपूर्ति देने के लिए 132-33केवी ग्रिड स्टेशन के निर्माण कार्य को शुरू किया गया था। उस समय इसकी लागत आठ करोड़ रुपये के करीब आंकी गई थी। छह वर्ष तक काम चलने के बाद इस पर विराम लग गया। समय के साथ इसको बनाने की लागत में बढ़ोतरी होती गई। ग्रिड बनाने का काम दोबारा तो शुरू नहीं हुआ अलबत्ता इस पर खर्च होने वाला फंड बढ़ता गया।
वर्ष 2010-11 के दौरान ग्रिड के लिए पूर्व विघायक बलदेव राज शर्मा ने दस लाख रुपये का फंड उपलब्ध करवाया था। इससे सिर्फ कमरे व हाल का निर्माण किया जा सका। मौजूदा समय में ग्रिड को बनाने के लिए 30 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है। ग्रिड बनने के बाद इसका फायदा रियासी के लोगों को तो मिलेगा ही, जिला मुख्यालय के साथ लगते ग्रामीण क्षेत्र सीला, माडी, तरैंथा, अगार बल्लिया, सुकेतर, दसानु, पनासा, माडी, ग्रामोड के लोगो को भी इसका फायदा होगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को लो वोल्टेज की समस्या से छुटकारा मिलेगा। इसके अलावा अघोषित कटौती भी नहीं होगी। तेज हवा के बाद लाइन में आने वाली खराबी से जो बिजली बंद हो जाती थी, उससे भी निजात मिल सकेगी।