मोंगरी में महिलाओं के साथ बैठक करतीं पूर्व पार्षद प्रीती खजूरिया। संवाद
- फोटो : udhampur
पूर्व पार्षद ने मोंगरी क्षेत्र का दौरा कर सुनीं महिलाओं की समस्याएं
उधमपुर। पूर्व पार्षद प्रीति खजुरिया ने उधमपुर के मोंगरी क्षेत्र का दौरा कर महिलाओं के साथ बैठक की। इसमें महिलाओं ने खजुरिया के समक्ष समस्याओं को रखा।
उन्होंने कहा कि महिलाएं समस्याओं से घिरी हुई हैं और महिला सशक्तिकरण सिर्फ एक नारा है। इसके लिए सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
मौके पर उपस्थित महिलाओं और लड़कियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इसमें सबसे बड़ी समस्या है उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज का ना होना जिसकी वजह से उस क्षेत्र की ज्यादातर बच्चियां 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ देती है, जिसके कई कारण हैं जैसे की कुछ के माता-पिता गरीबी और बेरोजगारी के कारण अपनी बच्चियों को उच्च शिक्षा के लिए उधमपुर नहीं भेज पाते और न चाहते हुए भी ज्यादातर लड़कियां बीच में ही पढ़ाई छोड़ने पर मजबूर हो जाती हैं।
जब क्षेत्र के दर्जनों गांवों की बालिकाएं आगे की पढ़ाई नहीं कर पाती तो इससे कन्याधन योजना या अनेक सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल पाता। गरीब परिवारों की छात्राओं को इसका सबसे अधिक नुकसान हुआ है। खजुरिया ने बताया कि मौके पर उपस्थित लड़कियों ने गुहार लगाई कि सरकार तक हमारी बात पहुंचाई जाए। खजुरिया ने बताया कि सरकारों की दिलचस्पी ज्यादा से ज्यादा शराब की दुकानों को खुलवाने में है न की शिक्षा के उचित अवसर प्रदान करना। उन्होंने जम्मू-कश्मीर सरकार से मांग की है की जल्द से जल्द मोंगरी क्षेत्र में कॉलेज की मांग को पूरा किया जाए। साथ ही स्कूलों में शिक्षकों की कमी को भी दूर किया जाए। इस मौके पर मनीशा, रंजीत व उषा सहित काफी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।