किश्तवाड़। किश्तवाड़ के बोंजवा इलाके में एक गुज्जर महिला को प्रसव पीड़ा हुई, लेकिन खराब सड़कों के कारण उसे अस्पताल तक ले जाना मुश्किल हो गया। नानी बोंजवा अस्पताल ले जाते समय बीच सड़क पर ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे प्रशासन की नाकामी पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय महिलाओं की मदद से महिला की जान बचाई जा सकी। महिला को पालकी में बैठाकर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन समय पर सुविधा नहीं मिल सकी।
इससे पहले भी केशवान इलाके में एक बीमार लड़की को चारपाई पर लिटाकर पैदल सफर तय कर कुडिया चतक लाया गया और फिर अस्पताल पहुंचाया गया। लोगों ने बताया कि किश्तवाड़ का पहाड़ी इलाका होने के कारण हर साल बारिश और बर्फबारी के दौरान लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बुनियादी सुविधाओं की कमी से हालात और भी बिगड़ जाते हैं। संवाद