रामनगर। तहसील रामनगर के लेड गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान निर्मला देवी (45) पत्नी कस्तूरी लाल के रूप में हुई है।
इस घटना के बाद मृतका के भाई मुल्क राज ने अपने जीजा पर हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार लेड पंचायत वार्ड नंबर 2 की निवासी निर्मला देवी शुक्रवार सुबह अपने घर के पास बहन के घर गई थी। इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने रामनगर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामनगर उपजिला अस्पताल भेज दिया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और इस संदिग्ध मौत के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संवाद
भाई का आरोप - जीजा करता था पिटाई
मृतका के भाई मुल्क राज ने बताया कि शुक्रवार सुबह से ही बारिश हो रही थी। सुबह 9 बजे निर्मला देवी अपनी दूसरी बहन के घर गई थी। वहां मौजूद बहु को उसने सोने के लिए कहा और खुद भी सो गई। कुछ देर बाद जब बहु ने उसे जगाने की कोशिश की, तो वह नहीं उठी। इसके बाद घर के अन्य सदस्यों ने आसपास के लोगों को बुलाया। मुल्क राज के मुताबिक उसे इस घटना की सूचना दोपहर एक बजे मिली। जब वह मौके पर पहुंचा तो बहन की गर्दन पर निशान पाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका जीजा अक्सर बहन के साथ झगड़ा करता था। कई बार मामले को लेकर सरपंच के पास शिकायत की गई थी और पंचायत स्तर पर फैसले भी हुए थे, लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रही। मुल्क राज ने रामनगर प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है