रामनगर। रामनगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बैंसता निवासी 52 वर्षीय महिला ने कोग पुल से कूद कर आत्महत्या कर ली है। वहीं, पुलिस ने धारा 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज किया है।
शुक्रवार सुबह छह बजे बैंसता निवासी सत्या देवी पत्नी शेर सिंह ने संदिग्ध परिस्थितियों में कोग पुल से नदी में छलांग लगा दी। सूचना के बाद पुलिस ने नाले से सत्या देवी का शव बरामद किया। वहीं, उपजिला अस्पताल रामनगर में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। सरपंच मोहन सिंह के अनुसार सत्या देवी के पति ने दो शादियां की हैं। इसके अलावा सत्या देवी को मिर्गी की बीमारी थी। वह इससे पहले भी दो बार घर से भाग चुकी थी। एक माह पहले भी वह गांव में घायलावस्था में मिली थी। लेकिन इस बार उसने आत्महत्या कर ली है। उसका पति शेर सिंह स्वयं बीमार है और एमएच अस्पताल उधमपुर में उपचाराधीन है।