उधमपुर। शादी के सीजन में मेहंदी कलाकारों की मांग बढ़ गई है। दुल्हनों के साथ-साथ आम लोगों में भी आकर्षक डिजाइन की मेहंदी रचाने का क्रेज है। इस कारण दो दिन एडवांस में ही बुकिंग चल रही है। मेहंदी कलाकार कृष्णा बताते हैं कि पहले लोग अंतिम समय में मेहंदी लगवाने आते थे, अब वे बुकिंग करवा रहे हैं। साधारण मेहंदी का रेट 200 रुपये प्रति हाथ है जबकि ब्राइडल मेहंदी की कीमत 2100 रुपये से शुरू होती है और डिजाइन के अनुसार बढ़ती है। मधुबनी व पाकिस्तानी डिजाइन सबसे अधिक पसंद किए जा रहे हैं।
इस समय बाजार में केमिकल या एसिड वाली मेहंदी का भी इस्तेमाल किया जा रहा है जिससे हाथों को नुकसान पहुंच सकता है। वे केवल आर्गेनिक मेहंदी का उपयोग करते हैं।
वहीं राकेश ने बताया कि उन्होंने कई युवाओं को प्रशिक्षण भी दिया है और अब तक करीब 30 लोग यहां से सीखकर काम शुरू कर चुके हैं। इससे न केवल उन्हें रोजगार मिला है बल्कि स्थानीय स्तर पर मेहंदी कला को भी बढ़ावा मिल रहा है।
हाथ से बनाए कोन की सप्लाई
कलाकार राकेश चार साल से मेहंदी लगाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुंबई और महाराष्ट्र से मंगाए गए सात फिल्टर पाउडर का उपयोग करते हैं और उसी से खुद ही मेहंदी के कोन तैयार करते हैं। इसमें लौंग का तेल मिलाया जाता है जिससे मेहंदी का रंग गहरा और टिकाऊ बनता है। कृष्णा का कहना है कि उनके कोन रामनगर, मनवाल, कटड़ा और चिनैनी में सप्लाई हो रहे हैं।