उधमपुर। कुछ दिन से लगातार मौसम साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण गर्मी का प्रकोप काफी बढ़ गया है। इसका असर लोगों के साथ-साथ पशु-पक्षियों पर साफ दिखाई देने लगा है। रविवार को अधिकतम तापमान 38.1 तथा न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस कारण बाजारों में रौनक कम रही।
मई के दूसरे हफ्ते से ही तापमान में निरंतर वृद्धि हो रही है जिससे स्थिति अत्यंत असहज हो गई है। तेज धूप में कुछ मिनट खड़ा रहना भी मुश्किल हो गया है। हालांकि सुबह करीब सात बजे ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना था लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया वैसे ही गर्मी का प्रकोप बढ़ता गया। दोपहर में हालात ऐसे हो गए कि कुछ मिनट धूप में खड़े रहने पर ही लोग पसीने से तरबतर होने लगे। शाम लगभग पांच बजे के बाद चली ठंडी हवा से कुछ राहत मिली।