उधमपुर के पंचैरी में सड़क पर फैला कीचड़।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। सुबह हुई तेज बारिश के बाद उधमपुर-घोरड़ी मार्ग पस्सी गिरने से एक बार फिर से बंद हो गया है। जिसके कारण दिनभर लोग परेशान रहे। घोरडी मार्ग पर त्रिंगडियां क्षेत्र में पस्सी गिरने के कारण दिनभर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। दिनभर वाहन केवल बरमीन क्षेत्र तक ही चल पाए। छात्रों से लेकर कर्मचारी, बीमार बुजुर्ग सहित अन्य लोग दिनभर परेशान रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि बुधवार शाम को भी बारिश के बाद रोड पस्सी गिरने से बंद हो गया था। जिसे कड़ी मशक्कत के बाद सुचारु किया गया था लेकिन सुबह के समय हुई तेज बारिश के बाद फिर से रोड पर काफी पस्सी गिरने से बंद हो गया। लगातार छठीं बार रोड के बंद होने से ग्रामीणों के जनजीवन पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
जबकि प्रशासन रास्ते को सुचारु बनाने के लिए केवल अस्थायी प्रयास कर रहा है। बार-बार पस्सी गिरने के कारण मार्ग के इस हिस्से पर कीचड़ व फिसलन भी बढ गई है। प्रशासन जानबूझ कर लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहा है। जब भी बारिश होती है। सड़क मार्ग के इस हिस्से पर पस्सी आ जाती है।
पिछले कई वर्षों से घोरडी के लोग इस समस्या को झेल रहे हैं लेकिन प्रशासन की तरफ से इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अभी तक कोई भी ठोस कदम नही उठाया गया है। जिस जगह से रोड निकाला गया है वहां का पूरा पहाड़ ही चिकनी व रेतीली मिट्टी वाला है। जिससे आधे घंटे की बारिश से ही रोड पर पस्सी गिरने का सिलसिला शुरू हो जाता है। और घोरडी का अन्य क्षेत्रों से सड़क संपर्क कट जाता है।