संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर के अन्य हिस्सों की तरह ही जिला उधमपुर में शनिवार को हुई बारिश के साथ ही मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम सुहाना होने से गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली है तो वहीं इससे पानी के बिना मुरझा रहीं फसलों को भी संजीवनी मिल गई।
शुक्रवार रात से शुरू हुई हल्की बारिश शनिवार को दोपहर तक रुक-रुक जारी रही। इस बीच शहर के बाहरी इलाकों के साथ ही जिला के कुछ ग्रामीण इलाकों में जोरदार बारिश भी हुई। इससे मौसम बदलने के साथ ही आसपास की पहाड़ियों पर छाई धुंध से प्राकृतिक नजारा भी सुरम्य हो गया और भीषण गर्मी से तपते पहाड़ अचानक से हरियाली और ठंड़क का अहसास कराने लगे।
हालांकि इस बीच शहर के कुछ इलाकों में बारिश के कारण सड़कों और गलियों में जलभराव की समस्या से भी लोगों को दो-चार होना पड़ा। दोपहर को 12 बजे के आसपास बारिश बंद हो गई थी लेकिन इसके बाद भी दिनभर हल्के बादल छाए हुए थे और मौसम सुहावना और खुशगवार बना हुआ था। बीते दिनों के मुकाबले गर्मी का असर भी कम हो गया था और लोग परिवार संग मौसम का आनंद उठाते नजर आ रहे थे। मौसम विभाग की तरफ से अभी सोमवार तक मौसम इसी तरह का बने रहने की संभावना जताई गई है। वहीं शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।