चक्क पंचायत के डेल गांव में पानी की नियमित रूप से सप्लाई नहीं होने के कारण ग्रामीण काफी परेशान है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या अब गंभीर हो चुकी है। पहले के मुकाबले अब लगभग पिछले तीन महीनों से चार दिन में एक बार पानी की सप्लाई दी जा रही है। कभी कभार उसमें भी नागा कर दिया जाता है। और फिर आठ दिन के बाद लोगों को पानी की सप्लाई मिल पाती है। इस दौरान भी पूरे गांववालों को पानी नहीं मिल पा रहा है।
गांव के पंच बेली राम सहित स्थानीय निवासी अरुण शर्मा, शाम लाल, रमेश कुमार व अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो पाने के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। पीने के लिए भी दूरदराज के क्षत्रों में स्थित जलाशयों से पानी लाना पड़ता है। लेकिन दिनचर्या की अन्य जरूरतों के लिए पानी पूरा कर पाना कठिन हो रहा है।
नहाने व कपडे़ धोने के अलावा मवेशियों के लिए भी पानी का इंतजाम करना कठिन हो रहा है। कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत करवाया गया है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। गर्मी का सीजन शुरू होने के बाद समस्या गंभीर हो गई है।
कभी चार दिन में एक बार तो कभी आठ दिन में एक बार मात्र पंद्रह मिनट के लिए पानी की सप्लाई दी जाती है। इसलिए जिला प्रशासन से उनकी मांग है कि क्षेत्र में नियमित तौर पर उचित मात्रा में पानी की सप्लाई दी जाएं। जिससे ग्रामीणों को पेश आ रही परेशानी का समाधान हो सके।