उधमपुर। वार्ड एक की पार्षद प्रीति खजूरिया ने मंगलवार को डीसी इंदु कंवल चिब से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं उठा कर जल्द कदम उठाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि शहर के अन्य वार्डों की तुलना में जनसंख्या और क्षेत्र के हिसाब से वार्ड एक सबसे बड़ा है। कुछ पंचायती क्षेत्रों को भी इसमें शामिल किया गया है। वार्ड एक के भारत नगर इलाके में दो साल से पानी का संकट गहराया हुआ है। मोहल्ले में पानी के लगभग 12 मुख्य पाइप ब्लॉक हैं। संबंधित विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा हैं।
भारत नगर और जखैनी क्षेत्र को जोड़ने वाली सर्विस रोड तीन साल से बदहाल है। इसकी वजह से मकानों के गिरने का खतरा बन गया है। भारत नगर में सीवरेज के काम में ढिलाई होने की वजह से वहां की मुख्य सड़क की ब्लैक टॉपिंग का काम रुका हुआ है। वार्ड एक में केवल बिछाने का कुछ काम अधूरा छोड़ दिया गया है, जिस कारण लोगों को रोजाना बिजली कटौती और तार टूटने से समस्या हो रही है। प्राइमरी हेल्थ वेलनेस सेंटर जखैनी की तरफ भी ध्यान देने की जरूरत है। वार्ड के अंतर्गत नेशनल हाईवे में जितने भी बरगद के पेड़ हैं उनके आसपास मरम्मत की जरूरत है। जखैनी चौक में दो साल से फुटब्रिज बनाने की मांग की जा रही है, जिस ओर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिस कारण यातायात जाम की समस्या से लोग परेशान हैं। डीसी ने कुछ समस्याओं के लिए उसी समय सम्बंधित विभाग के आला अधिकारियों को फोन कर समाधान करने की हिदायत दी। इसके साथ ही अन्य समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।