उधमपुर। शहर के बीचोंबीच स्थित वार्ड नंबर नौ में पड़ती लंबी गली और आर्य समाज गली की हालत मौजूदा समय में दयनीय बनी हुई है। इसके चलते स्थानीय और लंबी गली के दुकानदार परेशान हैं।
गौरतलब है कि दो माह पहले जलशक्ति विभाग की ओर से पानी की पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदाई कर टायलों को उखाड़ा गया था लेकिन हैरानी की बात है कि पाइप लाइन तो बिछा दी गई लेकिन मरम्मत का कार्य नहीं किया गया। इसके चलते गली में जगह-जगह टाइलों के ढेर लगने से आने जाने वाले राहगीर व दोपहिया वाहन चालक काफी परेशान हैं।
गली में पड़े गड्ढों से दोपहिया वाहन चालक व दुकानदार परेशान
जलशक्ति विभाग की ओर से पानी की पाइप लाइन बिछाने के लिए टाइलों को उखाड़ कर जगह-जगह टाइलों के ढेर लगा दिए गए हैं। इतना ही नहीं, कई जगहों पर तो नालियों पर रखी टाइलें नाली में गिरने के कारण नाली बंद हो गई हैं। दूसरी ओर गली में पड़े बड़े-बड़े गड्ढों की वजह से दोपहिया वाहन चालक व स्थानीय दुकानदार काफी परेशान हो चुके हैं।
लंबी गली में हैं शृंगार की दुकानें
लंबी गली में स्थित ज्यादातर दुकानें महिलाओं के शृंगार की हैं। इसके चलते रोजाना काफी संख्या में महिलाएं इस बाजार में आती हैं। यहां सारा दिन भीड़ रहती है लेकिन गली की दयनीय दशा के चलते अब महिलाओं ने भी इस बाजार में आना कम कर दिया है। इससे वहां पर स्थित दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित हो गया है।
स्थानीय दुकानदार अनिल कुमार का कहना है कि दो महीने से उनका व्यापार भी न के बराबर हो गया है। जब से गली की दयनीय दशा बनी है, तब से ही वे लोग रोजाना प्रशासन व नगर परिषद से गली की मरम्मत की मांग करते आ रहे हैं लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान आज तक नहीं हो सका।
अजय शर्मा ने बताया कि शहर का मुख्य बाजार होने के साथ-साथ गोल मार्केट से सैला तालाब व धार रोड जाने के लिए शॉर्टकट रास्ता है। गली में जब से टाइलें उखाड़ी गई हैं, तब से ये लोगों के लिए सिरदर्द बन गई हैं क्योंकि गली में कई जगहों पर पड़े गड्ढों के चलते पैदल चलने वाले राहगीर भी परेशान हैं।
सतपाल शर्मा का कहना था कि जब से गली की दयनीय दशा बनी हुई है, तब से ही गली में स्थित कई नालियों की साफ सफाई भी नहीं हो पा रही है। इसके चलते कई नालियां बंद हो गई हैं। वहीं दूसरी ओर गली में ही उखाड़ी गई टाइलें आए दिन हादसे को न्योता दे रही हैं।
विनय कुमार ने बताया कि वे नगर परिषद व प्रशासन से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द गली की मरम्मत का कार्य शुरू करवाया जाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जलशक्ति विभाग की ओर से पानी की पाइप लाइन बिछाने के लिए गली में लगी टाइलों को उखाड़ा गया था, वैसे ही उनकी मरम्मत का कार्य भी शुरू करवाया जाए ताकि दुकानदारों व लोगों को आ रही परेशानी से निजात मिल सके।
इस संदर्भ में नगर परिषद के सीईओ राजेंद्र डींगरा का कहना था कि उनकी ओर से जल्द ही जलशक्ति विभाग को एक पत्र लिखकर गली की मरम्मत कार्य करवाने के लिए कहा जाएगा ताकि लोगों को आ रही समस्या से निजात मिल सके।
फोेटो सहित