फोटो....पाडर में मचैल मार्ग को देखने डीडीसी काऊंसलर व मचैल के सरपंच व अन्य बिजली व मार्ग बहाल करने क?
- फोटो : UDHAMPUR
किश्तवाड़। उपमंडल पाडर के डीडीसी सदस्य हरि कृष्ण ने कुंडैल से मचैल तक जाने वाले मार्ग को देखकर जिला प्रशासन को लताड़ा। कहा कि 13 अप्रैल से मचैल के लिए यात्री आना शुरू हो जाएंगे। लेकिन, यहां न तो जुलाई 2021 से बादल फटने के बाद बिजली बहाल हुई है, और न ही मार्ग बनाया गया है। जिस कारण यात्रियों को कठिनाई आ सकती है।
उन्होंने कहा कि लगभग 8-9 महीने बीत जाने के बाद भी न तो कुंडेल से आगे मचैल तक बिजली है, और न ही पैदल चलने वाला मार्ग है। जो मार्ग था, उस पर बर्फबारी के दौरान और उससे पहले बादल फटने के कारण सैकड़ों वृक्ष टूटकर गिर गए हैं। इस कारण मार्ग न के बराबर हो गया है। यहां इलाके के लोगों नहीं चल पा रहे हैं तो यात्री कैसे आएंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को चाहिए कि इस वर्ष मचैल यात्रा आरंभ होने से पहले इस मार्ग की कम से कम मरम्मत कर दे, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त है।
डीडीसी सदस्य ने मचैल के सरपंच जगमत नरबू, नायब सरपंच पहाड़ सिंह, बूथ प्रधान श्रीकृष्ण, मंडल प्रधान भाजपा विजय कुमार, आदि के साथ मार्ग को देखा। मार्ग की खस्ता हालत को देखने के बाद उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि अति शीघ्र इस मार्ग को बनाया जाए। साथ ही उन्होंने पीडीडी विभाग से भी गुहार लगाई कि कम से कम 9 माह बाद ही सही मचैल तहसील को बिजली तो दी जाए।
इस संबंध में पीडीडी विभाग के अधिकारी सुधीर शर्मा ने कहा कि कुछ दिन पहले केबल वहां के लिए भेज दी है। अभी सरकार की तरफ से फंड नहीं मिला है। पैसा मिलते ही काम आरंभ कर दिया जाएगा। लगभग चार किलोमीटर टूटी लाइन को फिर से बहाल किया जाएगा। हालांकि पहले भी विभाग के एक्सईएन ने कहा था कि फरवरी या मार्च में मौसम साफ होते ही काम शुरू किया जाएगा, परंतु फंड न मिलने के कारण काम शुरू नहीं हो पाया।
फोटो....पाडर में मचैल मार्ग को देखने डीडीसी काऊंसलर व मचैल के सरपंच व अन्य बिजली व मार्ग बहाल करने क?- फोटो : UDHAMPUR