उधमपुर के मियां बाग इलाके का दौरा कर लोगों की परेशानी को सुनती डीसी इंदु कंवल चिब
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिला प्रशासन ने शहर के साथ लगते सौंथा, सतैनी, कावा, मियां बाग और बरियाल में जल निकासी की व्यवस्था पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी को लेकर उपायुक्त इंदु कंवल चिब ने मंगलवार को कावा व मियां बाग इलाके का दौरा किया, और समस्या का समाधान करने का आश्वासन स्थानीय लोगों को दिया।
हर वर्ष बरसात में सौंथा, सतैनी, मियां बाग और बरियाल इलाके में बाढ़ जैसे हालात बनते हैं। जब भी कुछ दिन तक तेज बारिश होती है तो इन इलाकों में जल निकासी की व्यवस्था न होने पर बारिश का पानी लोगों के घरों, गलियों और सड़कों पर भर जाता है। इससे लोगों को कई दिनों तक पानी के निकलने का इंतजार करना पड़ता है।
प्रशासन की ओर से मोटर की व्यवस्था कर इन इलाकों से पानी निकाला जाता है। तब इनको राहत मिलती है। इस वर्ष बरसात में जब पानी सड़कों व गलियों में जमा हुआ था तो सतैनी में उपायुक्त ने खुद मौके पर जाकर हालात देखे थे। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसको लेकर काम शुरू करने के निर्देश दिए थे।
मंगलवार को उपायुक्त लोगों की परेशानी सुनने के बाद कावा, बरियाल व मियां बाग इलाके में पहुंचीं। उन्होंने पैदल चल कर मौके का पूरा निरीक्षण किया। लोगों ने उन्हें बताया कि जब बरसात होती है तो बारिश का पानी उनके घरों, स्कूलों में पहुंचता है और हर बार काफी नुकसान झेलना पड़ता है। इतना ही बारिश का पानी कचरे के साथ उनके खेतों में पहुंच कर उनकी खेती की जमीन को भी खराब कर रहा है।
------
लोगों की परेशानियों को दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सतैनी व सौंथा में जल निकासी के लिए ड्रेनेज चैनल के काम के टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मौजूदा समय में बारिशें नहीं हैं, तो यह काम आसानी से किए जा सकते हैं।
- इंदु कंवल चिब, उपायुक्त उधमपुर