पिछले दिनों यातायात विभाग द्वारा लागू किए गए गोल चार्ट का कुछ बस चालकों द्वारा उल्लंघन करने पर अन्य बस चालक भड़क गए। मामला इतना बढ़ गया की तीन घंटे तक बस स्टैंड पर बसों की आवाजाही पूरी तरह से प्रभावित रही। मौके पर पहुंचे एआरटीओ और पुलिस के एसएचओ ने चालकों से बात कर मामले को शांत किया।
जिले में बसों के चलने के लिए बनाए गए गोल चार्ट का उल्लंघन को लेकर सुबह बस स्टैंड पर बस चालकों में तनातनी हो गई। सुबह आठ बजे के करीब गोल चार्ट के मुताबिक उधमपुर से जम्मू जाने वाली बस अड्डे पर लग गई। कुछ ही देर में एक अन्य बस जो कि गोल चार्ट के लोग होने से पहले इस समय पर चला करती थी, उसका चालक भी बस लेकर बस स्टैंड पर आ गया। दोनों ही बसों ने सवारियों को बैठाना शुरू कर दिया। इस बीच गोल चार्ट के मुताबिक चल रहे बस चालक ने इसका विरोध किया।
बस चालक के समर्थन में अन्य चालक भी आ गए। मामला इतना बढ़ गया कि लगभग तीन घंटे तक बस स्टैंड में गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रही। मामले की जानकारी एआरटीओ राजेश गुप्ता और एसएचओ ओपी चिब को दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनी।
इस बारे में एआरटीओ राजेश गुप्ता ने बताया कि कुछ बसें गोल चार्ट के आदेशों पर हाई कोर्ट से स्टे आर्डर लाई हैं, लेकिन इस मामले पर विचार कर मामले को पूरी तरह से सुलझाया जाएगा। लोगों को यातायात सुविधा प्रदान करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। जिन रूटों पर गाड़ियों का अभाव है, उन रूटों पर और गाड़ियों को चलाया जाएगा। पूरे मामले के बारे में बात करने के लिए बस स्टैंड यूनियन के लोगों को कार्यालय में बुलाया गया है। बैठक में समस्या का हल निकाला जाएगा।