जिब क्षेत्र में तीन माह पहले प्रशासन द्वारा शुरू की गई एसआरटीसी बस सेवा बंद होने पर जिब के लोगों में खासा रोष है। बस सेवा बंद होने पर मनानू पल्ली गांव के लोगों ने जिला प्रशासन और एआरटीओ के विरोध में प्रदर्शन किया। इस अवसर पर लोगों ने प्रशासन के विरोध में नारेबाजी करते हुए बस सेवा बहाल करने की मांग की।
तीन माह पहले जिब के मनानू पल्ली में मेटाडोरों के नहीं चलने से प्रशासन द्वारा लोगों की मांग पर एसआरटीसी की बस सेवा शुरू की गई थी, जिससे लोगों को खासा फायदा हुआ, लेकिन सोमवार से प्रशासन ने क्षेत्र में बस सेवा बंद कर दी। इससे लोगों में रोष व्याप्त हो गया। स्थानीय निवासी राजीव शर्मा ने बताया कि मनानू पल्ली क्षेत्र में कोई भी गाड़ी नहीं चलती है।
लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलकर मेटाडोर लेनी पड़ती है। बस सेवा शुरू होने से लोगों को जो राहत मिली थी, वह अब आफत में बदल गई है। सतपाल ने कहा कि बस सेवा नहीं होने से बच्चों को पैदल ही स्कूल जाना पड़ता है। अगर जिला मुख्यालय में किसी काम से जाना पड़े तो पूरे दिन का समय लग जाता है।
लोगों का कहना है कि बस सेवा से विभाग को रेवन्यू मिल रहा था, पर कुछ लोगों के निजी स्वार्थ पूरे नहीं हो पा रहे थे। इसलिए बस सेवा को बंद कर दिया गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि मनानू पल्ली व कटड़ा से थाती के रूट पर बस सेवा शुरू की जाए।