पीएमजीएसवाई विभाग ने गांवों में सड़कें बनाने के लिए शुरू किया सर्वे
क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में आ रही परेशानियों से मिलेगी निजात
उधमपुर। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत तहसील रामनगर के 107 गांवों को सड़क मिलेगी। इसके लिए पीएमजीएसवाई विभाग ने 107 गांवों के मोड़ों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए सर्वे शुरू करवा दिया है। इसके बाद डीपीआर तैयार की जाएगी।
हालांकि इन गांवों में कुछ क्षेत्र ऐसे भी हैं, जहां पर आजादी के बाद पहली बार लोगों को सड़क नसीब होगी और उन्हें आने-जाने में आ रही परेशानियों से निजात मिलेगी। विभाग ने सर्वे का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। इसके बाद इन सभी सड़कों की डीपीआर तैयार की जाएगा। वहीं, जिन गांवों में सड़क बनाने का सर्वे किया जा रहा है वहां के लोगों में खुशी है। सड़कें बनने से 30 हजार से ज्यादा की आबादी को लाभ मिलेगा।
सरकार की ओर से तहसील रामनगर के दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित गांवों को लिंक मार्ग के साथ जोड़ने के लिए पीएमजीएसवाई विभाग द्वारा सड़क बनाने के लिए सर्वें किया जा रहा है। यह सराहनीय कदम है। इससे लंबे समय से जिन गांवों में सड़क संपर्क नहीं था उन्हें भी अब सड़क देखने को मिलेगी।
- संजीव जंडियाल, निवासी रामनगर
तहसील रामनगर में कई ऐसे गांवों के मोड़े थे, जहां पर आज तक सड़क नहीं बन पाई थी। इससे लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सर्वे का कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
प्रतीक डोगरा, निवासी रामनगर
यह क्षेत्र दूरदराज व पहाड़ी होने से यहां पर सड़क बहुत समय पहले बना दी जानी चाहिए थी। मगर अब सरकार की ओर से जिन गांवों के मोड़ों में सड़कें नहीं है उसे बनाने के लिए उठाए गए कदम सराहनीय हैं।
- संजय सिंह, निवासी बसंतगढ़
हम सरकार व विभाग का आभार प्रकट करते है जिन्होंने सड़क को बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य शुरू किया है। जिन क्षेत्रों में सड़क न हो उन क्षेत्रों में विकास भी नहीं होता है। मगर अब सड़कें बनने से विकास की लहर बहेगी।
- पवन रासल, निवासी बसंतगढ़
तहसील रामनगर में तकरीबन 107 गांवों के मोड़ों को मुख्य सड़कों के साथ जोड़ने के लिए विभाग की ओर से युद्ध स्तर पर सर्वे किया जा रहा है। सर्वे का काम पूरा होने के बाद इनकी डीपीआर बनाकर सरकार को भेजी जाएगी। इसके बाद मंजूरी मिलने पर सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
- रंजीत सिंह, एक्सईएन पीएमजीएसवाई