उधमपुर/जिब। दिनभर मौसम के खराब रहने से विशेषतौर पर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती की समस्या से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ी है। इसके चलते जिब क्षेत्र की पड़ानू, चक, कैंबल डंगा, मगैनी, सलमेड़ी, मग्योट आदि पंचायतों में दिनभर बिजली की आंखमिचौनी की सिलासिला जारी रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
उनका कहना है कि मौसम के खराब होते ही विभाग बिजली बंद कर देता है, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा है। इस समस्या के चलते किसी भी बिजली से चलने वाले उपकरण का उपयोग वह नहीं कर पाते हैं। इससे उनके बिजली से चलने वाले उपकरणों के भी खराब होने का खतरा बना हुआ है। जिब क्षेत्र की अधिकतर पंचायतों में डेयरी फार्म स्थित ग्रिड स्टेशन (एमआई रूम) से बिजली की सप्लाई की जाती है। जिब क्षेत्र एक विशाल इलाका है, जहां सप्लाई लाइन काफी लंबी है। ऐसे में मौसम की खराबी के दौरान कहीं न कहीं फाल्ट आ जाता है, जिससे ग्रामीणों को समस्या उठानी पड़ती है। इसलिए जिला प्रशासन से उनकी मांग है कि इस समस्या को दूर करने के लिए जल्द ढांचे में सुधार लाया जाए।