श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर हल्के मध्यम वाहनों के लिए दोतरफा और भारी वाहनों के लिए खुला रहा एकतरफा यातायात, परेशान हुए राहगीर
रामबन। बारिश के बाद शनिवार को श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर दलवास, चंदरकोट, रामबन के मेहाद-कैफेटेरिया खंड और रामसू के हिंगनी क्षेत्र में भूस्खलन से वाहनों का आवागमन बाधित रहा।
यातायात अधिकारियों ने बताया कि हाईवे-44 से शनिवार को जम्मू के लिए यात्री हल्के मध्यम वाहनों के दोतरफा और भारी मोटर वाहनों (एचएमवी) के लिए एकतरफा यातायात खुला रहा।
उन्होंने कहा कि काजीकुंड-श्रीनगर से भारी वाहन हाईवे पर नियमित तरीके से जम्मू की ओर जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग रामबन के यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधीक्षक रोहित बसकोत्रा ने कहा कि शुक्रवार शाम से क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग 44 यात्री हल्के, मध्यम वाहनों के दोतरफा यातायात और जम्मू के लिए भारी वाहनों के एकतरफा यातायात के लिए खुला है।
उन्होंने यात्रियों और वाहन ऑपरेटरों को सलाह दी कि वे रामबन और बनिहाल सेक्टरों के बीच पत्थर गिरने की आशंका के कारण केवल दिन के समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा करना पसंद करें।
एसएसपी ने कहा कि इससे पहले दिन के दौरान जमा कीचड़ और भूस्खलन को साफ करने के लिए दलवास, मेहद-कैफेटेरिया में कुछ समय के लिए वाहनों का यातायात रोक दिया गया था।
एसएसपी ने यात्रियों और वाहन संचालकों को सलाह दी कि वे रविवार सुबह श्रीनगर, जम्मू, उधमपुर और रामबन यातायात नियंत्रण इकाइयों से सड़क की स्थिति की पुष्टि किए बिना राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर यात्रा न करें। संवाद