वैष्णो देवी भवन के साथ सटी पहाड़ी पर बीती रात अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते आग का दायरा काफी बढ़ गया।
इस आग के भवन की ओर बढ़ने की संभावना के चलते दमकल विभाग, पुलिस, सीआरपीएफ व श्राइन बोर्ड के कर्मचारी हरकत में आए और शुक्रवार शाम तक आग पर काबू पा लिया।
भवन के साथ सटी पांच पांडव नामक पहाड़ी क्षेत्र में आग लगने की जानकारी मिलते ही विशेष टीम आग बुझाने के प्रयास में जुट गई। हालांकि आग से वैष्णो देवी की यात्रा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा, लेकिन आग नियंत्रित करने के लिए संबंधित एजेंसियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
चूंकि आग रात के समय लगी थी तथा तेज हवाओं का प्रभाव भी अधिक था। ऐसे में आग आसपास की पहाड़ियों तक पहुंच सकती थी। लेकिन समय पर कार्रवाई होने से आग को नियंत्रित कर लिया गया।
एसपी कटड़ा कुलवीर सिंह ने बताया कि इस आग में किसी प्रकार का नुकासन नहीं हुआ है। उन्हाेंने कहा कि यह क्षेत्र भवन से करीब एक किलोमीटर दूर होने के कारण यात्रा पर भी कोई प्रभाव नहीं पड़ा है, लेकिन आग बुझाने में काफी मुश्किलें आईं।