उधमपुर। जिले में शनिवार को भी तीन हजार से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने में कामयाबी मिली है। सुबह से दोपहर तक वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया चलती रही। वैक्सीन सेंटर के साथ मोबाइल टीमों ने शहर व ग्रामीण इलाकों के विभिन्न हिस्सों में पहुंच कर लोगों को वैक्सीन लगाई। रविवार को छुट्टी के चलते इनकी संख्या में कुछ कमी आने की संभावना है।
जिले में वैक्सीन लगाने के लिए 50 से अधिक सेंटर खोले गए हैं। इनमें हर रोज सैंकड़ों लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन का स्टाक भी पर्याप्त संख्या में पहुंच रहा है। करीब एक महीने से किसी भी सेंटर में वैक्सीन की कमी सामने नहीं आ रही है। वहीं लोग भी काफी संख्या में वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं। हर रोज तीन हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाने में कामयाबी मिल रही है। शनिवार को कुल 3499 लोगों को वैक्सीन लगाने में कामयाबी मिली है। 18 से 44 आयु वर्ग में 1280 लोगों को पहली और 1355 को दूसरी, एक फ्रंट लाइन वर्कर्स को पहली, 45 से 60 आयु वर्ग में 112 लोगों को पहली और 598 को दूसरी, 60 से अधिक आयु वर्ग में 20 लोगों को पहली और 133 को दूसरी डोज लगाई गई है।