उधमपुर। 15 से 18 वर्ष के किशोरों को सोमवार से वैक्सीन लगना शुरू हो जाएगी। पहले दिन जिले में करीब 70 केंद्रों पर वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के पास छह हजार खुराकें उपलब्ध हैं। ये सारी खुराकें पहले ही दिन में लगाने का विभाग प्रयास करेगा।
जिले में शहीद इंस्पेक्टर कमल सिंह मॉडल ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल में उद्घाटन समारोह का आयोजन होगा। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उद्घाटन समारोह के साथ ही जिले में टीकाकरण की शुरूआत हो जाएगी। टीका लगवाने वालों में ज्यादातर 10वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी हैं। जिले में 15 से 18 आयु वर्ग में कुल 37 हजार किशोरों को टीका लगेगा, जिनमें से 24500 विद्यार्थी हैं।
शिक्षा विभाग ने इसके लिए जिले में करीब 166 सरकारी स्कूलों और 57 निजी स्कूलों में टीकाकरण केंद्र तैयार किए हैं। पहले दिन करीब 70 केंद्रों में ही वैक्सीन लगाई जाएगी। विद्यार्थियों को वैक्सीन लगाने के बाद तुरंत घर नहीं जाने दिया जाएगा। उन्हें कुछ देर के लिए स्कूल में ही रखा जाएगा, ताकि उनकी सेहत का पूरा ख्याल रखा जा सके।
-----
15 से 18 वर्ष के लोगों को टीका लगाया जाना है। जिले में छह हजार खुराकें पहुंच चुकी हैं। इनको रामनगर, बसंतगढ़, पंचैरी सहित दूरदराज ग्रामीण इलाकों के स्कूलों में भेजा जा चुका है। सात दिन के अंदर 37 हजार किशोरों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित है।
- डॉ. मोहम्मद यासीन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, उधमपुर