जिले में 45 आयु वर्ग के लोगों के लिए घर-घर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। वहीं इन दिनों नागसेनी तहसील में घर-घर जाकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मी टीका लगा रहे हैं। लेकिन अभी भी शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है, जबकि जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को 30 जून तक लक्ष्य को पूरा करने का समय दिया है।
स्वास्थ्य विभाग विभिन्न केंद्रों में टीकाकरण अभियान जारी रखे हुए है। घर-घर जाकर भी ग्रामीणों को जागरुक किया जा रहा है। इसके लिए पुलिस विभाग सहित आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर सहयोग कर रहे हैं। नागसेनी तहसील के कई इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से टीम के साथ खुद प्रभारी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पडिहारना डॉ. वैभव विनोद टीकाकरण के साथ-साथ लोगों को कोविड से बचने के उपाय आदि को लेकर जागरूक कर रहे हैं।
डॉ. वैभव विनोद का कहना है कि ग्रामीणों को टीका लगाना इतना कठिन है कि उन्हें समझाते घटों बीत जाते हैं। उसके बाद ही टीका लगवाते हैं। कई लोग तो गांव छोड़ कर जंगलों में चले जाते हैं। कई लोगों में टीके को लेकर डर देखा जा रहा है। लेकिन जागरुकता अभियान से सफलता मिली है।
उनका कहना है कि हमारा प्रयास है कि 30 जून तक शत-प्रतिशत टीकाकरण हो जाए। अब जो लोग किसी दूसरे जिले में या फिर राज्यों में नौकरी या फिर मजदूरी करते हैं, उनके न होने से हो सकता है कि शत-प्रतिशत टीकाकरण न हो पाए।