उधमपुर। जिले में अब वैक्सीन का संकट बढ़ने लगा है। वैक्सीन की कमी के कारण कम संख्या में लोगों को ही टीका लग पा रहा है। हर रोज हजारों लोग बिना वैक्सीन के घरों को लौट रहे हैं। इसी कारण स्वास्थ्य विभाग ने कई सेंटर में वैक्सीन लगाना बंद कर दिया है। शनिवार को शाम तक कुल 639 लोगों को ही वैक्सीन लग सकी। इनमें ज्यादातर लोगों को घर-घर जाकर वैक्सीन लगाई गई।
जब से स्वास्थ्य विभाग ने 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया को शुरू किया है, तब से ही हर रोज हजारों लोग वैक्सीन लगवाने के लिए वैक्सीनेशन सेंटर पहुंच रहे हैं। इसके लिए मौजूदा समय में 50 से अधिक सेंटर बनाए गए हैं, जहां हर रोज सुबह से शाम तक वैक्सीन लगाई जा रही है। अब हालात यह बन गए हैं कि लोग तो सुबह से ही वैक्सीन लगाने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन वैक्सीन की कमी के कारण घंटों इंतजार करने के बाद निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। पहले जहां हर रोज पांच हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लग रही थी तो अब इनकी संख्या सैकड़ों पहुंच गई है। शुक्रवार को कुल 2090 लोगों को वैक्सीन लगी थी। शनिवार को वैक्सीन लगवाने लोगों का आंकड़ा 639 तक ही रहा। जिला अस्पताल सहित कई वैक्सीन सेंटर में सुबह से ही लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच गए थे, लेकिन दोपहर तक इंतजार करने के बाद भी वैक्सीन नहीं लग सकी और लोग इंतजार करने के बाद वापस लौट गए। वैक्सीन नहीं लगने पर लोगों में स्वास्थ्य विभाग से प्रति काफी रोष भी देखने को मिला।
वैक्सीन की कमी के कारण 18 से 44 आयु वर्ग में केवल 295 लोगों को ही वैक्सीन लग सकी। इसके साथ तीन फ्रंट लाइन वर्कर्स, 45 से 60 आयु वर्ग में 46 लोगों को पहली और 263 को दूसरी डोज, नौ वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 23 को दूसरी डोज लग सकी। 45 से अधिक आयु वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर- घर जाकर वैक्सीन लगाई। शनिवार तक स्वास्थ्य विभाग के पास केवल 480 डोज बची थी और नए स्टाक के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था।