संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहर के गोल मेला और संगूर चौक पर पेश आए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवती सहित पांच लोग घायल हो गए।
पहला हादसा दोपहर के समय गोल मेला इलाके में पेश आया। यहां एक महिंद्रा 207 लोड कैरियर की एक्यूबी कार के साथ भिड़ंत हो गई। इससे एक्सयूबी में सवार आमिर सलाम (27) और अबरार अहमद (31) दोनों निवासी बनिहाल तथा लोड करियर में सवार मुदास्सिर बट (21) और अजाद अहमद (19) दोनों निवासी कुलगाम घायल हो गए। चारों को तत्काल इलाज के लिए जीएमसी उधमपुर पहुंचाया गया।
वहीं दूसरे हादसे में शाम के समय संगूर चौक के समीप एक एम्बुलेंस और स्विफट कार की आपस में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार काफी ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गई और इसमें सवार एक 20 वर्षीय युवती मामूली रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल उपचार के लिए जीएमसी उधमपुर पहुंचाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों के संबंध में आगे की जांच शुरू कर दी है।