- सुबह-शाम सैकड़ों की संख्या में आते हैं प्रत्येक आयु वर्ग के खेल और सेहत प्रेमी
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। खेल व स्वास्थ्य के प्रति मौजूदा में प्रत्येक वर्ग में जागरूकता बढ़ती जा रही है। इसका प्रमाण हेल्थ क्लब और खेल परिसरों में बढ़ती गतिविधियों से लगाया जा सकता है परंतु उधमपुर के मुख्य खेल मैदान सुभाष स्टेडियम में बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों की बढ़ती संख्या को देखते विशेष इंतजाम कराए जाने की जरूरत है।
सुभाष स्टेडियम के मैदान में सुबह तड़के ही खेल प्रमियों से लेकर सेहत की कदर करने वाले प्रत्येक वर्ग की आवाजाही शुरू हो जाती है और मैदान में मौजूद इंडोर हाल और बास्केटबाल कोर्ट में खिलाड़ी अभ्यास करते नजर आते हैं। सुबह और शाम के समय काफी चहलपहल रहती है। इनमें युवक युवतियों सहित बच्चों की संख्या भी काफी अधिक होती है। खासकर महिलाएं, बुजुर्ग भी सैर करते नजर आते हैं। परंतु उनकी सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कोई भी प्रबंध नहीं किए गए हैं।
खासकर चोट लगने या किसी के अचानक बीमार पड़ने पर चिकित्सा व्यवस्था के कोई भी प्रबंध नहीं हैं। इसके अलावा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए भी इतने बड़े स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था के कोई प्रबंध नहीं है और न ही शौचालय की कोई उचित व्यवस्था की गई है।
खिलाड़ी रमेश सिंह, नीरज कुमार और सलोनी ठाकुर ने बताया कि स्टेडियम में प्रत्येक आयु वर्ग के लोग आते हैं लेकिन अगर किसी कोई तकलीफ हो जाए तो स्टेडियम में चिकित्सा के कोई प्रबंध नहीं है। खासकर छोटे बच्चों से लेकर युवतियां और महिलाएं भी मौजूद रहती है। अगर कोई असामाजिक तत्व उपद्रव करता है या फिर अभद्रता पर तर आता है तो उनसे निपटने के लिए सुरक्षा के भी कोई प्रबंध नहीं है। खेल प्रशासन को चाहिए की स्टेडियम आपात चिकित्सा सेवा के साथ सुरक्षा कर्मी की भी तैनाती की जाए।