त्योहार को लेकर तैयारियां जोरशोर से जारी, मंदिरों की साफ-सफाई व रंग रोगन का किया जा रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पर्व की तैयारियां शहर में शुरू हो गई हैं। पर्व के पास आते ही देविका नगरी कान्हा के रंग में रंगने लगी है। वहीं, सनातन धर्म सभा की तरफ से शनिवार दोपहर को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शहर और ग्रामीण इलाकों में स्थित भगवान श्री कृष्ण के मंदिरों में रंग रोगन और साज-सजावट का काम शुरू हो गया है। आदर्श कालोनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर व इस्कान मंदिर में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां जोरशोर से जारी हैं। शहर के बीच यह मंदिर काफी ज्यादा प्रसिद्ध हैं। यहां हर वर्ष जन्माष्टमी का पर्व हर्ष व उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच कर माथा टेकते हैं।
इसी तरह से शहर के प्रसिद्ध इस्कान मंदिर में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। मंदिर की सजावट की जा रही है। हाउसिंग कालोनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों में उत्सव को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। वहीं हर साल की तरफ इस वर्ष भी सनातन धर्म सभा की तरफ से शनिवार दोपहर को शहर में जन्माष्टमी को लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न बाजारों से होकर गुजरेगी।