संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। व्यापार मंडल के प्रधान जितेंद्र वरमानी की अध्यक्षता में स्थानीय दुकानदारों की बैठक सोमवार को हुई। इसमें दुकानदारों को आ रही परेशानियों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रधान का कहना था कि कटड़ा से अमृतसर तक चलने वाली ट्रेन का स्टापेज न होने के कारण शहर के व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि शहर के कई व्यापारी जो अमृतसर में जाकर अपनी दुकान के लिए सामान लाते हैं लेकिन ट्रेन का स्टॉपेज न होने के चलते उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिसको लेकर वह प्रशासन से मांग करते है कि ट्रेन का स्टॉप उधमपुर में भी बनाया जाए। ताकि यहां के दुकानदारों को आ रही परेशानियों से निजात मिल सके। उन्होंने कहा कि शहर में खुले मॉल व शोरूम वाले सोमवार को नागा नहीं करते है जोकि सरासर गलत है। जिसके चलते दुकानदारों को काफी नुकसान हो रहा है। जिस कारण सोमवार को नागे वाले दिन भी शहर में 10 प्रतिशत दुकानें खुली रहती है।
उन्होंने कहा कि जिस दिन नागे वाले दिन मॉल व शोरूम वाले बंद रखेंगे उस दिन से नागे वाले दिन पूरा बाजार बंद रहेगा। उन्होंने कहा कि मंडल की ओर से बहुत जल्द ट्रेन के स्टॉप को लेकर वह डीसी से मिलेंगे और समस्या का समाधान करने का प्रयास करेंगे। बैठक में विजय कुमार, अजय सहगल, राहुल मगोत्रा, रमेश गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे।