प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हुआ था निर्माण
बदहाल सड़क के चलते लोग और वाहन चालक परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनी मोंगरी-लड्डा सड़क मौजूदा समय में अनदेखी के चलते काफी बदहाल हो चुकी है। पहले आठ किमी में डाली गई तारकोल छह माह में ही उखड़ चुकी है। सड़क पर कोल्ड मिक्स तकनीक का प्रयोग किया गया है, जो असफल रहा है और पूरी सड़क पर गड्ढे पड़ गए हैं।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इन सड़कों पर अपग्रेडेशन प्रोग्राम के तहत भारत सरकार की ओर से भारी भरकम राशि का आवंटन हुआ था। किंतु, परियोजना के काम में देरी के चलते लोगों को बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। अब जब काम हुआ तो काम की गुणवत्ता ने परियोजना को बुरी तरह प्रभावित किया है। तारकोल उखड़ जाने के बाद लोगों में भारी रोष है और वो इस संबंध में सरकार से कठोर कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
यह सड़क लड्डा क्षेत्र को तहसील मुख्यालय मोंगरी से जोड़ती है। स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क पर जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित नहीं की गई है जो तारकोल टूटने का एक मुख्य कारण है। दूसरा सिंगल रोड में कोल्ड मिक्स तकनीक ने काम नहीं किया। लड्डा एक दूरदराज क्षेत्र है जहां अभी विकास से संबंधित बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाना बाकी है। पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से डाली गई तारकोल मोंगरी-लडडा सड़क के अगले हिस्से में भी उखड़ चुकी है। जल निकासी की व्यवस्था सही न होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर बहता रहा। इससे खेतों और घरों को भी नुकसान पहुंचा।
समस्या को पुख्ता तरीके से उठाया है और समाधान करवाया जाएगा। बेहतर सड़क संपर्क के बिना ग्रामीण क्षेत्रों का विकास संभव नहीं है। इसके लिए सरकार को सरकारी दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करनी होगी। यह आम जनता का पैसा है और सुशासन के लिए इससे बनने वाली परियोजनाओं में पारदर्शिता अनिवार्य है। यह तभी संभव है जब व्यवस्था इंजीनियरिंग केंद्रित हो।
- जसवीर सिंह, डीडीसी सदस्य, पंचैरी-मोंगरी
विभाग की ओर से इस सड़क मार्ग पर कोल्ड मिक्स तकनीक से तारकोल बिछाई गई थी, ताकि सड़क काफी समय निकाल सके। लेकिन ऐसा नहीं हो सका और छह माह में ही तारकोल उखड़ गई। इसी माह में फिर से तारकोल बिछा कर लोगो को राहत प्रदान की जाएगी।
- नीरज वेद, एक्सईएन, पीएमजीएसवाई, रियासी