लोक निर्माण विभाग ने योजना के बाद जारी किया टेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर/रामनगर। लंबे समय से खस्ताहाल किड़मू से श्मशान सड़क की हालत अब जल्द ही सुधरने वाली है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने 70 लाख रुपये की योजना तैयार कर व मंजूरी के बाद टेंडर जारी कर दिया गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू हो जाएगा।
किड़मू-श्मशान घाट सड़क बहुत महत्वपूर्ण है। यह न सिर्फ श्मशान घाट तक जाती है बल्कि वार्ड एक के सभी इलाकों को कवर करती है। लंबे समय से सड़क की हालत जर्जर बनी हुई थी। सडक पर पड़े बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे थे। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। खासतौर पर अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट तक जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती थी। इस संबंध में ग्रामीण कई बार प्रदर्शन भी कर चुके थे। वहीं, अब सड़क की मरम्मत को लेकर शुरू हुई प्रक्रिया से लोगों को काफी राहत मिली है। स्थानीय निवासी मोहन लाल, नीरज गुप्ता, सोनू, वेद प्रकाश व अन्य लोगों ने इसके लिए प्रशासन का आभार जताया है।