मौसम ठीक होने की सूरत में ही आज गुजरने दिए जाएंगे वाहन, रात को सफर न करने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
रामबन। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर कुन्फर, चंद्रकोट-पीराह सुरंग के पास भूस्खलन से सुबह दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। यातायात अधिकारियों ने बताया कि मार्ग की बहाली में दो घंटे का समय लगा जिसके बाद यातायात को सुचारू कर दिया गया। यातायात को कुन्फर में एक अतिरिक्त दो लेन सुरंग के माध्यम से डायवर्ट किया गया।
यात्रियों ने बताया कि वह चंद्रकोट और पेराह के बीच जाम में फंसे रहे। यातायात अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 खुला रहा। कुछ भारी वाहनों के बीच सड़क खराब होने, दलवास, मेहर कैफेटेरिया, पंथयाल, मगरकोट और शालगरी के बीच कई स्थानों पर सड़क खराब होने से वाहनों की आवाजाही धीमी रही। यातायात पुलिस ने कहा कि मौसम साफ होने की सूरत में ही मध्यम और भारी वाहनों को शुक्रवार को एनएच-44 से गुजरने की अनुमति दी जाएगी। अधिकारियों ने रामबन और बनिहाल के बीच पत्थर गिरने की आशंका के चलते रात में यात्रा नहीं करने की भी सलाह दी है।