संवाद न्यूज एजेंसी
रामबन। पुलिस ने शनिवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंद्रकोट, रामसू और बनिहाल में आठ पशु तस्करी के प्रयासों को विफल करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 87 मवेशियों को मुक्त कराया है।
पुलिस के अनुसार एसएचओ चंद्रकोट के नेतृत्व में टीम ने एक वाहन को रोका और जांच के दौरान वाहन से सात मवेशी मिले। तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह, एसएचओ रामबन ने भी एक वाहन को रोका और जांच के दौरान वाहन के अंदर सात गोवंश लदे पाए गए। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। एक अन्य मामले में, एसएचओ रामसू के नेतृत्व में टीम ने चार वाहनों को रोका और जांच के दौरान इन वाहनों में 48 मवेशी मिले। पुलिस ने तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार है। एक अन्य मामले में, एसएचओ बनिहाल के नेतृत्व में पुलिस स्टेशन बनिहाल की पुलिस पार्टी ने एक व्यक्ति को रोका। वह 16 मवेशियों को पैदल ही अवैध रूप से कश्मीर की ओर ले जा रहा था। पुलिस ने मवेशियों को मुक्त करवा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।