संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। राजकीय महिला महाविद्यालय में रविवार को महात्मा गांधी का जीवन और दर्शन विषय पर एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महक कटोच, आयुषी गुप्ता और अनन्या शर्मा विजेता रहीं।
राजनीति विज्ञान विभाग ने आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में छात्र कल्याण विभाग के डीन के सहयोग से गांधी जयंती-2025 के उपलक्ष्य में ये कार्यक्रम करवाया। प्राचार्य डॉ. नलिनी पठानिया के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। डॉ.पठानिया ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए विभाग को बधाई दी।
उन्होंने राष्ट्रीय नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और महान दर्शन को जानने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को महात्मा गांधी के जीवन और दर्शन से परिचित कराना था, जिन्होंने भारतीय स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण योगदान दिया और वीरतापूर्ण भूमिकाएं निभाईं।
इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की विभागाध्यक्ष प्रो. स्वर्णा देवी के औपचारिक स्वागत भाषण से हुई। प्रतिभागियों को तीन टीमों में विभाजित किया गया था। विजेता टीम का चयन करने के लिए कुल तीन राउंड हुए। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक इस आयोजन में भाग लिया। प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर के कुल नौ विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लिया।
टीम-ए को विजेता घोषित किया गया, जिसमें महक कटोच, आयुषी गुप्ता और अनन्या शर्मा शामिल थीं। विजेता टीम के सदस्यों को इस तरह के आयोजनों में आगे भी भाग लेने के लिए प्रेरित करने हेतु पुरस्कार वितरित किए गए।
प्राणी विज्ञान की सहायक प्राध्यापक डॉ. अनीता कुमारी निर्णायक मंडल की सदस्य थीं। उन्होंने कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन किया। डाॅ. कुमारी ने छात्राओं से व्यवसायिक शिक्षा को महत्व देने और नवाचार को अपनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कार्यक्रम का समापन राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर स्वर्णा देवी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस मौके पर उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ. मूल राज, इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. यश पॉल, समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. स्वाति दत्त, डोगरी विभागाध्यक्ष शमा रानी, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. पूजा भारती और संगीत विभागाध्यक्ष श्री यश कुमार शामिल थे।