पुलिस एवं प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंच कर करवाया शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर में जमा होने वाले कूड़े की समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद ने अंबियार इलाके में सरकारी जमीन पर डंपिंग स्थल स्थानांतरित किया था। लेकिन, अब इसका भी स्थानीय लोग विरोध करने लगे हैं। वीरवार को क्षेत्र की महिलाओं ने नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने उन्हें शांत करवाया है। इस दौरान स्पष्ट किया गया कि अंबियार में डंपिंग स्थल नहीं बनाया जा रहा। शहर के कूड़े को यहां पर जमा कर उसी दिन यहां से शिफ्ट कर दिया जाएगा। इससे लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी।
उधमपुर टाउन से करीब दो किलोमीटर दूर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अंबियार में नगर परिषद की ओर से शहर का कचरा उठाकर डंप किया जा रहा है। कुछ दिन पहले स्थानीय लोगों ने इस संबंध में प्रदर्शन भी किया गया था। लेकिन वीरवार को नगर परिषद व पुलिस के अलावा तहसीलदार जय सिंह के नेतृत्व में टीम अंबियार पहुंची और वहां पर सीमेंटेड पाइपें डालकर कूड़े के वाहनों के आनेजाने के लिए रास्ता बनाने का कार्य शुरू किया गया। इसका स्थानीय महिलाओं ने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि जिस जगह कचरा फेंका जा रहा है वहां पर बावली है, जिसका इस्तेमाल लोग करते हैं। कड़ा फेंकने से प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी दूषित हाे सकता है। प्रशासनिक टीम कड़ी मशक्कत के बाद महिलाओं को शांत करवाया।
तहसीलदार जय सिंह ने बताया कि यहां पर जो भी काम हो रहा है वह लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर ही किया जा रहा है। लोगों को गलतफहमी हो गई थी। उन्हें समझाया गया है कि शहर का जो भी कचरा यहां पर फेंका जाएगा उसे उसी दिन उठा लिया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद को सख्त निर्देश दिए गए हैं। कूड़ा उठाने के साथ ही दवा भी छिड़की जाएगी, ताकि मक्खी-मच्छर पनप न सकें।