ज्वाइंट एक्शन समिति के बैनर तले शहर में निकाली रैली, किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। आरक्षण को लेकर जारी कोर्ट की गाइडलाइन के विरोध में भारत बंद के आह्वान पर बुधवार को लोगों ने शहर में रैली निकाल कर विरोध जताया और प्रदर्शन किया।
एससी-एसटी, ओबीसी एंड माइनारिटी आर्गनाइजेशन की ज्वाइंट एक्शन समिति उधमपुर के बैनर तले विभिन्न संस्थाओं के सदस्य मुख्य रूप से शामिल रहे। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से मांग की गई कि एससी, एसटी के आरक्षण में क्रीमीलेयर लागू करने के सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले पर पुनर्विचार किया जाए।
क्योंकि, यह बहुजन समाज को बांटने का एक षडयंत्र है, जिसे केंद्र सरकार के इशारे पर अंजाम दिया जा रहा है। हालांकि, शहर में भारत बंद के आह्वान का कोई असर नहीं दिखाई दिया। शहर और आसपास के सभी इलाकों के बाजारों में दुकानें रोजाना की तरह खुली रहीं।
वहीं, विरोध प्रदर्शन भी शांति पूर्वक तरीके से किया गया। लोग शहर के गोल माकेर्ट चौक पर जमा हुए और आरक्षण के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे चंद्र प्रकाश, अशोक बंसल, धनी राम अत्री और वरुण भगत ने कहा कि आरक्षण बचाओ समिति की तरफ से 21 अगस्त को देशव्यापी भारत बंद का आह्वान किया गया था। उन्होंने कहा कि एससी, एसटी के आरक्षण में क्रीमीलेयर लागू करने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले को रद्द किया जाए। बाद में इस सम्बंध में भारत सरकार के नाम एक ज्ञापन भी डीसी कार्यालय में सौंपा गया।