संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। उधमपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से बतौर आजाद उम्मीदवार चुनाव लड़ चुके पवन खजूरिया ने शुक्रवार को सैलां तालाब स्थित कार्यालय में प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जन समस्याओं पर विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों की बिजली, पानी, सड़क इत्यादि समस्याएं काफी बढ़ जाती हैं। चिंताजनक है कि प्रदेश सरकार इन समस्याओं पर गंभीर नहीं है। खजूरिया ने कहा कि इस साल कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं पेश आ रहीं हैं। समय पर उचित प्रबंध न होने से आए दिन वाहन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। वीरवार को ही बसंतगढ़ मार्ग पर सीआरपीएफ का वाहन दुर्घटना का शिकार हुआ।
ऐसे ही अन्य गाड़ियों ऑटो या फिर दोपहिया वाहन चालक भी हादसे का शिकार होते रहते हैं। इस संदर्भ में हम अपनी टीम के साथ लगभग सभी पंचायतों में जा रहे हैं और बिजली, पानी, सड़क इत्यादि जनसमस्याओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने गांव व मोहल्लों में बरसात की वजह से लोगों को आ रहीं परेशानियों पर नजर रखें और उसके समाधान के लिए प्रयास करें।
बैठक में सोमराज शर्मा, राकेश गुप्ता, रोमेश, महेश, योगराज सिंह, विजय, राहुल गुप्ता आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।