- प्रबंधन पर लगाए आरोप, कहा-बकाया वेतन मांगने पर उन्हें नौकरी से निकाला गया
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। बटट्लवालियां स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक सीमेंट फैक्ट्री के कुछ कर्मचारियों को वेतन न मिलने और नौकरी से निकाले जाने के विरोध में कर्मियों ने शुक्रवार को प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी सुमित कुमार ने बताया कि वो दस साल से अधिक समय से फैक्ट्री में कार्यरत हैं। अगस्त की शुरुआत में जनरल मैनेजर से जून और जुलाई का बकाया वेतन मांगा ताकि अपने बीमार बच्चे का इलाज करा सकें। उसका आरोप है कि मदद करने के बजाय उन्हें गालियां दी गईं। उनके समर्थन में खड़े तीन अन्य सहकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ। इसके बाद चारों ने श्रम विभाग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद सहायक श्रम आयुक्त ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया और प्रबंधन को बकाया भुगतान तथा आचरण सुधारने के निर्देश दिए लेकिन कुछ ही दिन बाद इन चारों कर्मचारियों को टर्मिनेशन लेटर थमा दिए गए।
जिला विकास परिषद (डीडीसी) के सदस्य पूर्ण चंद ने प्रबंधन के इस कदम की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जब यह फैक्ट्री स्थापित हुई थी, तब हमारे युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया था। अब ये हमारे ही लोगों को परेशान कर नौकरी से निकाल रहे हैं। अगर चार कर्मचारियों को बहाल नहीं किया गया तो कड़ा रुख अपनाया जाएगा।
वहीं फैक्ट्री के जनरल मैनेजर बलजीत सिंह पुरी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जिन चार कर्मियों को निकाला गया है वे फैसला फैक्ट्री के मालिकों का हैं। इसमें वो कुछ नहीं कह सकते।