लड़कों में एपीएस अखनूर-रख मुट्ठी और लड़कियों में एपीएस धार रोड-उधमपुर में होगी टक्कर
दो दिवसीय उत्तरी कमान क्लस्टर स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस) उधमपुर में दो दिवसीय उत्तरी कमान क्लस्टर स्तरीय एपीएस वालीबॉल प्रतियोगिता का वीरवार को आगाज हुआ। पहले दिन सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉयज वर्ग में एपीएस अखनूर एवं रख मुट्ठी और गर्ल्स वर्ग में एपीएस धार रोड और उधमपुर ने फाइनल में प्रवेश किया।
लड़कियों के सेमीफाइनल मैच में एपीएस धार रोड ने एपीएस नगरोटा को 2-0 और एपीएस उधमपुर ने एपीएस रख मुट्ठी को 2-0 सेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। बॉयज वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में एपीएस अखनूर ने एपीएस उधमपुर और एपीएस रख मुट्ठी ने नगरोटा को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। मुख्य अतिथि एसओ टू चेयरमैन लेफ्टिनेंट कर्नल सुरेंद्र ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। एपीएस उधमपुर के प्रिंसिपल संजीव कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों ने सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने-अपने स्कूल को गौरवान्वित किया है।