उधमपुर। महिलाओं को ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण देती राधिका शर्मा(नीले सूट में): संवाद
उधमपुर। उधमपुर जिले के बट्टल बालियां क्षेत्र की निवासी राधिका शर्मा ने अपने ब्युटी पार्लर और प्रशिक्षण संस्थान ''''मेकओवर एंड अकादमी'''' के जरिए न सिर्फ खुद को आत्मनिर्भर बनाया, बल्कि 1000 से अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें प्रेरणास्रोत बन गई हैं।
राधिका कहती हैं कि शादी के बाद भी मेरे सपनों को पूरा करने में मेरे परिवार ने कभी बाधा नहीं बनाई। आज वह न केवल अपने परिवार की आर्थिक रूप से मदद कर रही हैं बल्कि अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित कर रहीं हैं।
2019 में शुरू किया स्वरोजगार का सफर
2019 में पॉलिटेक्निक कॉलेज से ब्यूटीशियन का कोर्स पूरा करने के बाद राधिका ने अपने घर के छोटे से आंगन में अपने ब्युटी पार्लर स्वरोजगार की शुरुआत की। आज यह संस्थान न केवल एक फलता-फूलता ब्यूटी पार्लर है, बल्कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़ चुका है।
राधिका के इस सफर में उनके पति और पिता का विशेष सहयोग रहा।
1000 से अधिक महिलाओं को दिया रोजगार
अब तक राधिका ने जिले भर की 1000 से अधिक बेरोजगार महिलाओं और युवतियों को निशुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया है। उनके द्वारा प्रशिक्षित कई महिलाएं आज अपने छोटे-छोटे ब्यूटी पार्लर चला रही हैं और सम्मानजनक आय अर्जित कर रही हैं। उनका कहना है कि सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर हर महिला आत्मनिर्भर बन सकती है। वह अन्य महिलाओं को भी सलाह देती हैं कि कटिंग-टेलरिंग, ब्यूटी पार्लर जैसे छोटे व्यवसायों से भी शुरुआत करके वे आर्थिक स्वतंत्रता हासिल कर सकती हैं।