उधमपुर। जीएमसी परिसर में नई इमारत बनाई जा रही है। इसका निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है। उम्मीद है कि 2025 में इमारत बनकर तैयार हो जाएगी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग अस्पताल परिसर में 3 करोड़ रुपये की लागत से नया 3 मंजिला शवगृह बनाने जा रहा है, जो आधुनिक उपकरणों से लैस होगा। इसकी टेंडर प्रक्रिया विभाग द्वारा शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही नए शवगृह की इमारत का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
इस शवगृह के बनने से लावरिस व दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को महफूज रखने में मदद मिलेगी। गौरतलब है कि मौजूदा समय में पुराने शवगृह में 2 शवों को रखने की जगह है और इसमें आधुनिक उपकरण नहीं लगे हैं। हालांकि नया शवगृह बनाए जाने से इसमें तकरीबन 10 के करीब शवों को रखने का प्रावधान होगा। इस तीन मंजिला शवगृह में लिफ्ट का प्रावधान भी होगा।
नई शवगृह की इमारत में ग्राउंड फ्लोर पर गार्ड रूम, डाक्टर रूम, दफ्तर व दूसरी मंजिल में आटोपोसी रूम, जबकि तीसरी मंजिल में पोस्टमार्टम रूम, प्रपेयर रूम, लैब, कोल्ड स्टोरेज आधुनिक उपकरणों से लैस होगा।
कोट
जीएमसी परिसर में बने वाले तीन मंजिला शवगृह के निर्माण कार्य के लिए 3 करोड़ रुपये का टेंडर लगाया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही शवगृह की नई इमारत के निर्माण कार्य को शुरू कर दिया जाएगा। यह शवगृह आधुनिक उपकरणों से लैस होने के साथ ही इसमें लिफ्ट भी लगाई जाएगी।
-मोहम्मद सरवर, एक्सइएन लोक निर्माण विभाग उधमपुर