उधमपुर। पीएमजीएसवाई विभाग की ओर से ओसू से धार गद्दिया तक आठ किलोमीटर सड़क का निर्माण 1.87 करोड़ रुपये की लागत से करवाया जा रहा है। इसके लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया को शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में सड़क न होने के कारण रोजाना लोगों को पैदल सफर तय करना पड़ रहा है। क्षेत्र में सड़क बनाने को लेकर विभाग ने पिछले साल ही सर्वे का काम पूरा कर डीपीआर बनाकर सरकार को भेज दी थी। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
पूर्व सरपंच करनैल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में सड़क बनाने को लेकर होने वाली कई प्रशासनिक बैठकों में इस मुद्दे को उठाया गया था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क न होने के चलते अभी तक कई विकास कार्य नहीं हो पाए हैं।
इसके चलते क्षेत्रवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब क्षेत्र में सड़क बनाने की मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में विकास की उम्मीद जगी है। उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की है।
विभाग की ओर से क्षेत्र में सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाने को लेकर टेंडर प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि कुछ ही दिनों में टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर निर्माण कार्य को शुरू करवा दिया जाएगा।
-साहिल खजुरिया, जेई पीएमजीएसवाई विभाग