उधमपुर में दीवार गरने के बाद यातायात ठप कर दया गया।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। रविवार शाम को शिवनगर क्षेत्र में संबल रोड की सुरक्षा दीवार गिर जाने के बाद प्रशासन ने वहां से भारी वाहनों की आवाजाही को रोक दिया था। सोमवार को भी दोपहिया वाहनों को छोड़कर मेटाडोर, यात्री बस सहित अन्य वाहनों के लिए इसे दिनभर बाधित रखा गया। इसके कारण रोड़ से गुजरने वाले संबंधित क्षेत्रों के लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले स्कूल विद्यार्थियों सहित आम लोगों को मेटाडोर व बस नहीं चलने से इस हिस्से से आगे पैदल ही अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ा। वहीं संबधित क्षेत्रों से नगर की ओर आने वाले चौपहिया वाहन चालकों को भी रेहमती क्षेत्र से आने वाले वैकल्पिक मार्ग का लंबा रास्ता अपनाना पड़ा।
इस मार्ग पर भी कई बार जाम की स्थिति बनी। गौरतलब है कि गत दिनों में हुई बारिश के कारण शिवनगर स्थित दूध गंगा नाले के किनारे संबल रोड के डंगे को काफी नुकसान पहुंचा था जिससे धीरे-धीरे सड़क के दोनों तरफ का ज्यादातर डंगा व सड़क का कुछ हिस्सा गिर गया था। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए रविवार शाम को इससे गुजरने वाले भारी वाहनों पर पूरी तरह रोक लगा दी थी। सोमवार को पीएमएसवाई के तहत इसकी भारी मशीनरी लगाकर इसकी मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके चलते सोमवार को भी दिनभर इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को बंद रखा गया।