उधमपुर। एसकेपीए में कोर्स के समापन पर प्रशिक्षुओं को भागीदारी प्रमाण पत्र वितरित करते अधिकारी:
शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में कार्यकारी विंग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पांच दिवसीय पाठ्यक्रम का हुआ समापन
उधमपुर। शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में कार्यकारी विंग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए चल रहा पांच दिवसीय अभिविन्यास एवं पुनश्चर्या पाठ्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया।
इसमें सामुदायिक पुलिसिंग, यातायात प्रबंधन और दुर्घटना जांच, पुलिसिंग में मानवाधिकार, भीड़ नियंत्रण रणनीतियों के साथ-साथ साइबर अपराध और साइबर फोरेंसिक जैसी उभरती चुनौतियों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर आयोजित समापन समारोह में एसएसपी राजिंदर कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे।
पाठ्यक्रम में कुल 22 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य व्यावसायिक ज्ञान को अद्यतन करना और परिचालन दक्षता को बढ़ाना था। इस पाठ्यक्रम में नए आपराधिक कानूनों, कार्यकारी पुलिस की भूमिका और जिम्मेदारियों, सीसीटीएनएस के प्रभावी उपयोग, जैविक और डिजिटल साक्ष्यों के प्रबंधन, बीएनएसएस के तहत जांच प्रक्रियाओं और सत्यापन प्रक्रियाओं पर व्यापक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षुओं के बीच भागीदारी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। पाठ्यक्रम का समन्वयन निरीक्षक विकास मन्हास ने किया और सदस्य संकाय सदस्य एएसआई जरीना मलिक ने सहायता प्रदान की।