- कहा- प्रशासन मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने के लिए कर रहा हर संभव प्रयास
उधमपुर। 26 अगस्त को बारिश के साथ आई प्राकृतिक आपदा से चिनैनी-घोरड़ी विधानसभा क्षेत्र को भी काफी नुकसान पहुंचा। इस आपदा के समय में पीड़ितों के लिए मैं अपने एक माह का वेतन समर्पित करता हुं। उम्मीद है कि मेरे अन्य साथी भी पीडितों के साथ खड़े होंगे। यह ऐलान चिनैनी-घौरडी विधानसभा के विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने किया।
मनकोटिया ने कहा कि आपदा में चिनैनी विधानसभा समेत पूरे जम्मू-कश्मीर में काफी नुकसान हुआ है, लेकिन सबसे ज्यादा नुकसान चनैनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों का हुआ है। इस आपदा में नेशनल हाईवे, पीएमजीएसवाई की सड़कें, पीडब्ल्यूडी की सड़कें और काफी संख्या में लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए।
कई इलाकों में अभी भी स्लाइडिंग हो रही है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। वह लोगों के इस मुश्किल हालात में उनके परिवार का सदस्य बनकर उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपने एक महीने का वेतन लोगों के लिए समर्पित करता हूं और अपने सभी दोस्तों और मित्रों से भी निवेदन करता हूं कि इस मुश्किल हालात में वह भी उनके विधानसभा क्षेत्र के लोगों के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोगों को राशन, खाने-पीने का सामान, टेंट आदि बांटे गए हैं और जिन लोगों को अभी तक नहीं मिले हैं, उन्हें भी वह देंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग बिजली से महरूम हो चुके हैं और मोबाइल नेटवर्क भी काम नहीं कर पा रहा है।
उन्होंने प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रशासन भी अपनी तरफ से पूरा सहयोग कर रहा है और लगातार प्रशासन के लोग पीड़ित परिवारों के इस मुश्किल हालात में रात-दिन कार्य कर रहे हैं। थोड़ा सा समय लगेगा, लेकिन प्रशासन अपना पूरा काम कर रहा है और जल्द ही लोगों को बिजली, पानी, सड़कों और मोबाइल नेटवर्क की सुविधा मिल सकेगी। मनकोटिया ने यह भी कहा कि लोगों का काफी नुकसान हो गया है, लेकिन इतना सा आप सभी के साथ वायदा है कि आगे ऐसा न हो इसके लिए भी हर संभव प्रयास किए जाएंगे। संवाद