सीईओ से मुलाकात के दौरान उठाई मांग
कहा- एक जुलाई तक का दिया था समय, नहीं सुधरी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर में एक माह बाद भी सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी है। इसलिए दुकानदारों से यूजर चोर्जेस कम वसूले जाएं। यह मांग व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र बरमानी ने शनिवार को नगर परिषद के सीईओ से मुलाकात के दौरान उठाई है।
उन्होंने बताया कि स्वच्छता शुल्क को लेकर पहले भी प्रशासन के साथ बात की थी। व्यापार मंडल ने मांग की थी कि शहर में सफाई व्यवस्था सही होगी तभी दुकानदार स्वच्छता शुल्क देंगे। नगर परिषद को एक जुलाई तक का समय दिया था, लेकिन शहर में सफाई व्यवस्था और बदहाल हो गई है। शहर में बनाए गए डंपिंग स्टेशन से दोपहर एक बजे तक कचरा नहीं उठाया जाता है। नगर परिषद शहर में सफाई व्यवस्था को ठीक नहीं कर रहा है। इसलिए दुकानदारों की मांग है कि यूजर चार्जेस को कम किया जाए।
इससे पहले शहर की सफाई व्यवस्था, दुकानदारों से प्रतिमाह 250 रुपये यूजर शुल्क सहित अन्य मुद्दों को लेकर नगर परिषद कार्यालय के सीईओ विशाल सडोत्रा की अध्यक्षता में व्यापार मंडल की एक बैठक हुई। सीईओ ने दुकानदारों से समय पर यूजर चार्जेस देने की अपील की। वहीं, व्यापार मंडल का कहना है कि जब तक सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता वे 250 रुपये प्रतिमाह स्वच्छता शुल्क देने के लिए दबाव नहीं डाल सकते।
शहर में सफाई को लेकर नगर परिषद पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। दुकानदारों की परेशानियों का भी समाधान किया जा रहा है। कुछ मुद्दों को हल किया गया है। बैठक में भी जो भी समस्याएं दुकानदारों ने उठाई हैं उन्हें भी दूर किया जाएगा। शहरवासियों से अपील है कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग दें।
- विशाल सडोत्रा, सीईओ, नगर परिषद