किश्तवाड़ पुलिस की साइबर अपराध जांच इकाई ने बरामद किए 129450 रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। जिला पुलिस की साइबर अपराध जांच इकाई ने एक बार फिर एक ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सुलझाने का दावा किया है। साथ ही 129450 रुपये की राशि बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार नाली बोंजवाह निवासी तारिक हुसैन पुत्र बशीर अहमद की ओर से एक शिकायत मिली थी। इसमें बताया था कि तारिक हुसैन को घर से काम करने के लिए एक टेलिग्राम का लिंक मिला। इसके बाद, तारिक हुसैन ने लगातार 129450 रुपये भेजे। धोखाधड़ी का संदेह होने पर तत्काल शिकायत की गई। इसके बाद साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट किश्तवाड़ ने मामले को सुलझाते हुए राशि की सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। यूनिट के अनुसार अभी तक कई मामलों को सुलझाते हुए 716446 रुपये बरामद किए हैं।
सतर्क रहें, संदिग्ध गतिविधि होने पर साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें
जिला पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 या सीसीआईयू इकाई किश्तवाड़ 9103416100 या पीसीआर किश्तवाड़ 9906154100, 9103454100 पर रिपोर्ट करने की अपील की है। वहीं, खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन के लिए www.cybercrime.gov.in और www.ceir.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें।