उधमपुर में दिवाली की खरीदारी करते लोग।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। प्रकाश पर्व दीपावली की पूर्व संध्या पर शनिवार को देविकानगरी का बाजार सुबह से रात तक गुलजार रहा। हर दुकान पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। विक्रेता सुबह से रात तक ग्राहकों की मांग के मुताबिक सामान बेचते रहे। इसके अलावा अचानक खरीदारी को लेकर बाजार में हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने पर राजमार्ग सहित सभी मार्गों पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही।
शहर में मौजूद बड़ी दुकान से लेेकर हर छोटे व मध्यम दुकानों पर खरीदारी की छटा देर रात तक बनी रही। मिठाइयों की ज्यादातर दुकानें खास तौर से सजाई गई थी, जहां ग्राहकों की हर सुविधा व मांग मिठाई विक्रेता पूर्ति करते नजर आए। इलेक्ट्रानिक की दुकानों पर पहुंच कर ग्राहकों ने जहां एलसीडी, एलईडी, फ्रिज व वाशिंग मशीनों की खरीदारी की, वहीं लक्ष्मी व गणेश पूजन के लिए विशेष थालियों की खरीदारी की गई। दोपहर होते ही बाजार में ग्राहकों का हुजूम उमड़ पड़ा व गोलमार्केट का बाजार रौनक से झूमता नजर आ रहा था। शाम तक रामनगर चौक, चबूतरा बाजार, मेन बाजार, कोर्ट रोड, मुखर्जी बाजार, लाल चौक, सैलां तालाब बाजार व अन्य बड़े बड़े बाजारों में दूर दूर से ग्राहक आकर्षण के केंद्र बने रहे तथा मन पसंद सामग्री की जमकर खरीदारी करते नजर आए। लोगों की भीड़ को देखकर ऐसा महसूस हो रहा था कि जैसे आज शहर में कोई मेला लगा हुआ है।
दिन भर बनी रही जाम की स्थिति
दीपावली की खरीदारी के लिए हजारों की संख्या में लोग अपने वाहन लेकर खरीदारी के लिए मार्केट में पहुंचे। इसी के चलते सुबह से लेकर रात तक राष्ट्रीय राजमार्ग, धार रोड व अन्य कई सड़कों पर जाम की स्थिती बनी। बार बार जाम लगने के कारण शहरवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों पर तो मजबूरन पुलिस को निजी वाहनों की आवाजाही को बंद करना पड़ा। पुलिस को भी यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए दिन भर मशक्कत करनी पड़ी।