दो साल से जलशिक्ति विभाग की ओर से 1600 करोड़ की योजनाओं पर काम जारी, करीब 160 परियोजनाओं पर होगा काम
सिर्फ 36 का ही काम पूरा, 124 योजनाओं का 30 फीसदी काम शेष
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत लोगों के घरों में स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए जिले में जलशक्ति विभाग की ओर से 1600 करोड़ रुपये की योजनाएं चल रही हैं। इसके तहत 160 परियोजनाओं पर काम होगा। हालांकि, दो साल बाद भी मात्र 36 परियोजनाएं ही पूरी हो पाई हैं।
124 परियोजनाओं का करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। विभाग ने परियोजनाओं को पूरा करने लक्ष्य अक्तूबर तक रखा है। जेजेएम के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विभाग की ओर से नई पाइप लाइन बिछाने, फिल्ट्रेशन प्लांट, वाटर टैंक सहित हर घर तक नल लगाने का कार्य चल रहा है। हैरानी की बात है कि दो साल बाद भी सिर्फ 36 परियोजनाओं का ही कार्य पूरा हो पाया है।
इस कारण जिले के खनेड़, पंचैरी, लोथरा, पट्टनगढ़, नगुलता, टंडार, लद्दा धार, सिया मेरी, गंध टॉप, बसंतगढ़, पखलाई, सेर मंजला, सत्यालता सहित अन्य कई क्षेत्रों के लोग आज भी पानी की किल्लत से परेशान हैं। लोग बावलियों व प्राकृतिक स्त्रोतों से पानी लाकर गुजारा कर रहे हैं। हालांकि, कुछ ऐसे क्षेत्र भी हैं, जहां पर पाइप लाइन बिछाने के बावजूद लोगों के घरों में पीने के पानी की सप्लाई नहीं आ रही है।
कई ग्रामीण क्षेत्रों के लोग प्राकृतिक स्त्रोतों पर निर्भर
वैसे तो जल शक्ति विभाग की ओर से जल जीवन मिशन के तहत लोगों के घरों तक जल पहुंचाने के लिए पूरे जिला में निर्माण कार्य चल रहा है। लेकिन, जिन क्षेत्रों में इस योजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा है उनमें से ज्यादातर क्षेत्र के लोग प्राकृतिक जलाशयों व बावलियों पर निर्भर है। इनमें ब्लॉक घोरड़ी, पंचैरी, चनैनी, बसंतगढ़, रामनगर के दूरदराज के गांव शामिल हैं।
इस योजना के तहत 160 प्रोजेक्ट को मिली है मंजूरी
जल जीवन मिशन के तहत जिला में 160 योजनाओं को मंजूरी मिली है। इसमें से कुछ ऐसे क्षेत्र भी हैं, जहां पर पहली बार लोगों के घरों में विभाग की ओर से नल लगाए जा रहे है। इनमें खनेड़, पंचैरी, लोथरा, पट्टनगढ़, नगुलता, टंडार, लद्दा धार, सिया मेरी, गंध टॉप, बसंतगढ़, पखलाई, सेर मंजला, सत्यालता सहित अन्य कई क्षेत्र शामिल हैं।
बरसात व ठेकेदारों को समय पर भुगतान न होने से बंद रहे कार्य
जल जीवन मिशन के तहत जिला में चल रही योजनाओं के तहत ठेकेदारों द्वारा निर्माण करवाया जा रहा है। विभाग द्वारा समय पर भुगतान न होने के चलते कई महीनों तक कार्य बंद रहे। अब, बरसात के कारण कार्य बंद हैं। मौजूदा समय में विभाग की ओर से कड़ा संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य करवा रहे ठेकेदारों को जल्द से जल्द काम शुरू करने का नोटिस भी जारी किया है। लेकिन, उसके बावजूद अभी भी जिला के कई क्षेत्रों में निर्माण कार्य बंद हैं।
जलजीवन मिशन के तहत किए जा रहे निर्माण कार्य अक्तूबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। जिले में 36 फीसदी इस योजना के तहत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और दो महीनों के भीतर 30 प्रतिशत बकाया निर्माण कार्य को भी पूरा कर लिया जाएगा। सभी ठेकेदारों को जल्द कार्य को शुरू करने के लिए हिदायत दी है। 160 प्रोजेक्टों में से अभी तक 36 प्रोजेक्टों पर काम पूरा हो चुका है। अन्य योजनाओं पर काम को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। अगर किसी ठेकेदार द्वारा इस योजना के तहत सप्लाई लाइन में डाली जा रही पाइप को खुले में रखा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- अशोक शर्मा, कार्यकारी अभियंता, जलशक्ति विभाग