स्वास्थ्य सचिव ने दौरा कर स्थिति का लिया जायजा, कहा- जल्द मिलेंगे आधुनिक उपकरण व मैन पावर
मार्च 2025 तक सलमेड़ी मेडिकल कॉलेज का काम पूरा करने, कक्षाएं शुरू करने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग के सचिव डाॅ. सैयद आबिद रशीद शाह ने वीरवार को जीएमसी उधमपुर का दौरा किया। इस दौरान जीएमसी परिसर में बन रही 200 बिस्तर के नई इमारत व सलमेड़ी में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान तय समय और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही बताया कि मार्च 2025 तक सलमेड़ी मेडिकल कॉलेज के काम को पूरा करने और एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
जीएमसी अस्पताल के दौरे के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के साथ ही डॉक्टरों के साथ बैठक कर समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। प्रेसवार्ता में सचिव ने कहा कि वर्तमान में यह अस्पताल स्वास्थ्य के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि फेस 3 के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्रोग्राम के तहत केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर सरकार को निर्देश दिए गए थे कि 200 बेड की अतिरिक्त क्षमता वाले अस्पताल का निर्माण शुरू करवाया जाए। फिलहाल इसी अस्पताल परिसर में बने मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की क्लासें चल रही है, जहां 100 के करीब मेडिकल छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। प्रयास रहेगा कि मार्च 2025 मार्च तक मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूरा कर एमबीबीएस की कक्षाएं वहीं से चलाई जाएं। जीएमसी अस्पताल परिसर में बन रही 200 बिस्तर की नई इमारत में आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के साथ ही आगामी दिनों में सुपर स्पेशियलिटी, स्पेशियलिटी ट्रीटमेंट शुरू करवा कर जिले के लोगों को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी।
नेशनल हाईवे 44 के चलते इस अस्पताल में आधुनिक उपकरण, मैन पावर, उपकरण, हाईटेक मशीनरी, दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी। जीएमसी होने के चलते रामबन, डोडा और रियासी सहित अन्य क्षेत्रों से मरीज यहां पर आते है। इस कारण अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर जीएमसी के प्रिंसिपल मृत्युंजय गुप्ता, मेडिकल सुप्रिटेंडेंट डॉ. संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।
अस्पताल प्रशासन रहा अलर्ट पर
जीएमसी में स्वास्थ्य विभाग सचिव के दौरे के चलते अस्पताल प्रशासन अलर्ट पर था। अस्पताल में काम करने वाला स्टाफ समय पर पहुंचा और सफाई व्यवस्था का खास ख्याल रखा गया था। सभी डाक्टर ड्रेस में थे।
शहरवासियों को जगी उम्मीद
जीएमसी में सचिव के दौरे के बाद शहरवासियों को उम्मीद जगी है कि अब बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पुरानी सिटी स्कैन मशीन सहित कई उपकरणों को जल्द बदला जाएगा। मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेगी। अस्पताल में बन रहे 200 बिस्तर की नई इमारत का निर्माण कार्य भी तय समय में पूरा होगा।